" निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन, पशुपालन के प्रति किया गया जागरूक "
दिनांक: 24-11-2026
संत गुरु घासीदास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुरूद की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई क्रमांक-02 द्वारा ग्राम चोरभट्ठी में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत पशु चिकित्सालय कुरूद के सहयोग से निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पशु चिकित्सालय कुरूद की टीम द्वारा ग्रामीण पशुपालकों के पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार किया गया। साथ ही पशुओं को लम्पी स्किन डिजीज से बचाव हेतु टीकाकरण किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, रोगों की रोकथाम तथा वैज्ञानिक पशुपालन के प्रति जागरूक करना था। बौद्धिक परिचर्चा सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में पशु चिकित्सालय कुरूद से डॉ. तरुण साहू, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, आमंत्रित रहे उन्होंने स्वयंसेवकों को पशुपालन के महत्व, वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों, पशु पोषण, संतुलित आहार, पशुओं में होने वाले प्रमुख रोगों, उनकी रोकथाम एवं समय पर टीकाकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि पशुओं की उचित देखभाल एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से पशुधन को स्वस्थ रखा जा सकता है तथा पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बनाया जा सकता है। इस दौरान स्वयंसेवकों ने पशुपालन एवं पशु स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। पशु चिकित्सकों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. अमन सिन्हा, पशु चिकित्सक, मोबाइल वेटरनरी यूनिट (MVU), कुरूद; श्रीमती ममता अहिरे, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी (AVFO), पशु चिकित्सालय कुरूद तथा श्री कोमल साहू, पैरावेट, मोबाइल वेटरनरी यूनिट (MVU), कुरूद उपस्थित रहे। कार्यक्रम अधिकारी सुश्री रेनू पाटले ने पशु चिकित्सालय कुरूद की टीम को इस महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी गतिविधि में सहभागिता प्रदान करने हेतु आभार व्यक्त किया।