" नशा एवं टीबी मुक्त युवा विषय पर बौद्धिक परिचर्चा आयोजित "

दिनांक: 22-11-2026

संत गुरु घासीदास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुरुद की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई क्रमांक-02 द्वारा ग्राम चोरभट्टी में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन नशा एवं टीबी मुक्त युवा विषय पर बौद्धिक परिचर्चा सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में नशा मुक्ति केंद्र, कुरुद, जिला धमतरी के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार साहू उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए नशे के विभिन्न प्रकारों तथा इसके दुष्प्रभावों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके पारिवारिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने टीबी रोग के लक्षण, कारण, बचाव एवं उपचार के संबंध में भी जानकारी देते हुए कहा कि समय पर जांच और नियमित उपचार से टीबी रोग को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशा मुक्ति एवं टीबी उन्मूलन के प्रति जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजकुमार पाण्डेय भी उपस्थित रहे। उन्होंने शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों को शिविर के माध्यम से समाज की समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शासकीय नवीन महाविद्यालय, कुरुद के सहायक प्राध्यापक श्री हेमंत कुमार नन्दगौरी एवं श्री दिलीप सोनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रिया ठाकुर, दामिनी यादव, कृतिका देवांगन एवं दागेश्वर कुमार सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन कुमारी द्रोपती द्वारा किया गया। शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणजनों को स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।