" काॅमर्स के विद्यार्थियों ने वचन डेयरी प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण किया "
दिनांक: 21-03-2026
कुरूद- संत गुरू घासीदास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरूद के वाणिज्य विभाग द्वारा वचन डेयरी में एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन एवं संरक्षण में संपन्न हुआ। उनका सतत सहयोग एवं प्रोत्साहन इस शैक्षिक गतिविधि की सफलता का प्रमुख आधार रहा। इस शैक्षिक भ्रमण का नेतृत्व वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष पवन कुमार ताम्रकार द्वारा किया गया। उनके साथ सहायक प्राध्यापक रेणु पाटले, अतिथि व्याख्याता- डॉ. श्रीकांत नामदेव, अंकिता साहू एवं हिना चंद्राकर की सक्रिय सहभागिता रही। सभी संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें उद्योग जगत की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। भ्रमण के दौरान वचन डेयरी के संचालक श्री हेमंत ताम्रकार एवं एच.आर. हेड श्री संजय लाल तथा उनकी पूरी टीम द्वारा विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया। टीम ने डेयरी की कार्यप्रणाली के प्रत्येक चरणबद्ध दुग्ध संग्रहण, परीक्षण, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग एवं वितरण की विस्तृत जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से प्रदान की। विद्यार्थियों ने आधुनिक मशीनों एवं तकनीकों के माध्यम से होने वाली प्रक्रियाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखा, जिससे उनका सैद्धांतिक ज्ञान और अधिक सुदृढ़ हुआ। वचन डेयरी की उच्च गुणवत्ता, शुद्धता बनाए रखने की प्रतिबद्धता, स्वच्छ एवं हाइजीनिक वातावरण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से प्रभावित किया। डेयरी में अपनाए जा रहे आधुनिक प्रोसेसिंग सिस्टम और गुणवत्ता नियंत्रण के मानकों ने यह स्पष्ट किया कि किस प्रकार एक सफल उद्यम में अनुशासन, तकनीक और प्रबंधन का समन्वय आवश्यक होता है। इसके अतिरिक्त, डेयरी की कुशल उद्यम क्षमता एवं व्यवस्थित संचालन ने विद्यार्थियों में उद्यमिता के प्रति नई सोच एवं उत्साह का संचार किया। इस शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों को न केवल व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ, बल्कि उन्हें डेयरी उद्योग में करियर एवं व्यवसाय की संभावनाओं के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। महाविद्यालय परिवार ने वचन डेयरी के संचालक, एच.आर. हेड एवं समस्त स्टाफ के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। साथ ही, यह आशा व्यक्त की गई कि भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षिक सहयोग जारी रहेंगे, जिससे विद्यार्थियों को और अधिक सीखने के अवसर प्राप्त होते रहेंगे।